नैनीताल जिले में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भीमताल ब्लॉक के ज्योली गांव में घास काटने जंगल गई 47 वर्षीय महिला को गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी हेमा पांडेय (47) अन्य महिलाओं के साथ दोपहर में जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं।
इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें पकड़कर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
2 घंटे बाद 2 किमी दूर मिला शव घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक जंगल में तलाश अभियान चलाया। इसके बाद गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
