‘हल्द्वानी की बात कौस्तुभानंद के साथ’ पहल का शुभारंभ, मातृशक्ति के साथ शहर के विकास पर हुआ संवाद।

हल्द्वानी  भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ समन्वयक  तथा भाजपा नेता कौस्तुभानंद जोशी ने हल्द्वानी की जनभावनाओं, समस्याओं और भविष्य की आवश्यकताओं को समझने के उद्देश्य से ‘हल्द्वानी की बात कौस्तुभानंद के साथ’ नाम से एक नई संवाद पहल का शुभारंभ किया।

इस पहल के अंतर्गत आयोजित प्रथम संवाद में शहर के विभिन्न महिला समूहों एवं बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों से हल्द्वानी के वर्तमान स्वरूप, शहर के विकास, नागरिक समस्याओं तथा भविष्य के हल्द्वानी को लेकर खुलकर चर्चा की गई।

संवाद के दौरान मातृशक्ति की ओर से विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे गए। कुछ प्रतिभागियों ने कहा कि हल्द्वानी में पिछले वर्षों में विकास हुआ है, वहीं कुछ ने नशे की समस्या पर प्रभावी रोक, आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, स्वच्छता एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं की आवश्यकता जैसे विषय उठाए। प्रतिभागियों ने यह भी कहा कि हल्द्वानी को क्षेत्र का सिरमौर शहर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि ‘हल्द्वानी की बात कौस्तुभानंद के साथ’ किसी एक वर्ग या विषय तक सीमित संवाद नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य हल्द्वानी के हर वर्ग की बात सुनना और शहर के भविष्य को लेकर सामूहिक विचार-विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि हम लोगों से जानना चाहते हैं कि वे कैसा हल्द्वानी चाहते हैं और उस हल्द्वानी के निर्माण में सरकार, संगठन और समाज किस प्रकार अपना सहयोग दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता और उनके अनुभवों को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। इसी उद्देश्य से आने वाले समय में हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों, सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, युवाओं, व्यापारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य वर्गों के लोगों के साथ संवाद किया जाएगा।

जोशी ने कहा कि ‘हल्द्वानी की बात’ के माध्यम से शहर की वास्तविक आवश्यकताओं और जनभावनाओं को समझकर बेहतर हल्द्वानी के निर्माण की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की सहभागिता रही और सभी ने हल्द्वानी के बेहतर भविष्य को लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।