उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड में स्थिति सबसे भयावह बनी हुई है; ऋषिकेश में गंगा नदी चेतावनी के स्तर को पार कर चुकी है, जिससे अधिकारियों ने घाटों पर जाने पर रोक लगा दी है। राज्य के देहरादून , चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। भूस्खलन की वजह से चमोली के हेलंग के पास बद्रीनाथ हाईवे पूरी तरह बंद है, वहीं रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा के पास पहाड़ से मलबा और पानी सड़क पर आने से केदारनाथ हाईवे पर कई गाड़ियाँ कीचड़ और चट्टानों में दब गई हैं।
उत्तर प्रदेश, पंजाब और असम में भी भारी तबाही हुई है। UP के फर्रुखाबाद में 33 गाँवों और 40 सरकारी स्कूलों में गंगा का पानी भर गया है, बलिया में एक हफ्ते के अंदर 27 घर सरयू नदी में समा चुके हैं, जबकि प्रतापगढ़ में 100 साल पुराना मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। पंजाब के लुधियाना में सड़क धंसने से 20 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया है। वहीं, आसाम में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, जहाँ बीते 24 घंटों में 6 मौतों के साथ इस मानसून मृतकों का आँकड़ा 95 पहुँच गया है; यहाँ धनसीरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी है और 1.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
