हल्द्वानी। वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिम्मतपुर तल्ला, हल्द्वानी के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में विद्यालय की छात्रा पलाक्षा सुतेड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
पलाक्षा ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने वैज्ञानिक विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। उनकी इस उपलब्धि में विद्यालय के विज्ञान विभाग के शिक्षकों की मार्गदर्शक भूमिका रही।
वहीं, कक्षा 8 के छात्र मौलिक निजहारा ने उत्तराखंड भाषा संस्थान, देहरादून द्वारा आयोजित प्रांतीय भाषा प्रतियोगिता-2026 में कविता लेखन में तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘नदियां तेरा बहना’ विषय पर मौलिक की स्वरचित कविता को निर्णायकों ने सराहा। हिंदी दिवस समारोह के अवसर पर उन्हें मुख्यमंत्री एवं भाषा मंत्री द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
