हल्द्वानी नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया। इस संबंध में महापौर ने नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा, कर निरीक्षक श्री महेश पाठक एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता कर व्यापारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय सुनिश्चित कराया।
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट के प्रयासों से ₹1 के स्थान पर ₹1.50 किराया निर्धारित किए जाने का अनुरोध स्वीकार किया गया, जिससे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली। इसके अतिरिक्त, दो मंजिला निर्माण हेतु अनुमति प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने का भी निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार एवं विकास में सुविधा मिलेगी तथा अनावश्यक जटिलताओं से राहत प्राप्त होगी।
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम सदैव व्यापारियों के हितों की रक्षा और नगर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा ताकि व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सके।
महापौर के इस सकारात्मक प्रयास से प्रसन्न व्यापारियों ने उनका माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा व्यापारियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप बिष्ट, श्री योगेश शर्मा, श्री पंकज कपूर, श्री आशीष मल्होत्रा, श्री राजीव जायसवाल, श्री मनोज जायसवाल, श्री नंदकिशोर वर्मा तथा पार्षद प्रतिनिधि श्री गोपाल भट्ट सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
