नैनीताल चार लोगों ने दुस्साहस दिखाते हुए ज्योलीकोट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस मामले में तल्लीताल पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने अक्षम्य बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
प्राप्त जानकारी में,,,,,,, घटना 21 दिसंबर की है। ज्योलीकोट बैरियर पर चेकिंग के दौरान होटल जिप्सी रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच बिल को लेकर विवाद की सूचना मिली। सूचना पर चौकी प्रभारी ज्योलीकोट उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया विवाद शांत कराने के दौरान 4 लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी दी और जानलेवा हमले की नीयत से आधी भरी पानी की बोतल से उप निरीक्षक के सिर पर 2 बार वार किया। इस दौरान एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। SSP के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया और तेज कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. दीप चंद्र – निवासी देघाट, अल्मोड़ा
2. मनोज – निवासी देघाट, अल्मोड़ा
3. त्रिभुवन शर्मा – निवासी देघाट, अल्मोड़ा
4. प्रवीण चंद मंसत – निवासी सल्ट, अल्मोड़ा
चारों के खिलाफ FIR संख्या 72/2025 के तहत सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

