हल्द्वानी आज प्रातः नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल, श्रद्धेय भगत सिंह कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित “पद्म भूषण” सम्मान से अलंकृत किए जाने पर हल्द्वानी स्थित उनके आवास पर पहुंचकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि यह सम्मान श्रद्धेय भगत सिंह कोश्यारी जी के लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सरल व्यक्तित्व एवं जनहित के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी जी का मार्गदर्शन, स्नेह एवं सान्निध्य सदैव समाज और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने स्नेहपूर्वक भगत सिंह कोश्यारी जी को “भगतदा” कहकर संबोधित करते हुए कहा, “मुझे भगतदा के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है, यह मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उनका अनुभव, सादगी, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव मुझे प्रेरित करता रहा है। उनसे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला, जो मेरे सार्वजनिक जीवन की अमूल्य पूंजी है।”
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि “भगतदा पहाड़ के लाल हैं। उन्होंने अपने संघर्ष, मेहनत, सरलता और जनसेवा के बल पर उत्तराखंड का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है। पहाड़ की संस्कृति, मूल्यों और जनभावनाओं से उनका गहरा जुड़ाव उन्हें जनता के बीच अत्यंत सम्मानित और लोकप्रिय बनाता है।”
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने भगत सिंह कोश्यारी जी की लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि “भगतदा केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़े ऐसे लोकप्रिय जननेता हैं, जिन्होंने अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और जनता के प्रति समर्पण से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। उत्तराखंड ही नहीं, देशभर में उनके प्रति लोगों का स्नेह, सम्मान और विश्वास उनकी जनप्रियता का प्रमाण है।”
उन्होंने आगे कहा कि “भगतदा का जीवन संघर्ष, सेवा और सादगी का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके व्यक्तित्व में विनम्रता और नेतृत्व का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है, जिस कारण वे सभी वर्गों में अत्यंत लोकप्रिय हैं।”
महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि श्रद्धेय भगत सिंह कोश्यारी जी दीर्घायु हों, सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें तथा उनका स्नेह और आशीर्वाद हम सभी पर यूं ही बना रहे।
