हल्द्वानी के तल्ली बमौरी-लाल्डांट स्थित शक्तिनगर फेज-1 कॉलोनी में विभिन्न प्लॉटों (प्रकाश पाटनी, विनोद शर्मा और नीता जोशी के भूखंडों) पर बने करीब 59 मजदूर क्वार्टरों को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी असंतोष फैल गया है। यहां रहने वाले श्रमिकों के बीच रोजाना गाली-गलौज, मारपीट और चाकूबाजी जैसी हिंसक घटनाएं होने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।
शनिवार रात सड़कों तक पहुंचे हंगामे के बाद क्षेत्र की महिलाओं और बेटियों में भय का माहौल बना हुआ है, जिससे उनका बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। इसी से आक्रोशित होकर रविवार को नागरिकों ने प्रदर्शन किया और स्थानीय पार्षद चंदन मेहता को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से तुरंत कड़ी कार्रवाई और स्थाई समाधान की पुरजोर मांग की।
