उत्तराखंड एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए आगामी चारधाम यात्रा और शादी के सीजन को देखते हुए आम जनता और व्यापारियों के लिए राहत का बड़ा ऐलान किया है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने न केवल अगले तीन महीने का राशन एडवांस में देने का निर्णय लिया है, बल्कि प्रदेश में एलपीजी (LPG) और ईंधन की किल्लत की खबरों पर भी विराम लगा दिया है।
बताते चलें कि देहरादून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। सरकार ने पर्यटन और विवाह सीजन के दौरान बढ़ने वाली मांग को देखते हुए ‘बैकअप’ तैयार कर लिया है।
खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बड़ा कदम उठाया है: अंत्योदय और प्राथमिक (PHH) राशन कार्ड धारक को अप्रैल महीने में ही अप्रैल, मई और जून का राशन एक साथ अग्रिम (Advance) दिया जा रहा है। उत्तराखंड में लगभग 14 लाख परिवार इस फैसले से लाभान्वित होंगे, जिससे आने वाले महीनों में राशन की अनिश्चितता खत्म होगी।
एक अन्य जानकारी में सरकार ने बताया कि LPG संकट टल चुका है।पैनिक बुकिंग में 50% की गिरावट आई है।
मार्च के मध्य में गैस की कमी को लेकर जो ‘पैनिक’ की स्थिति बनी थी, वह अब सुधर रही है।
आंकड़े बता रहे हैं कि 15 मार्च को जहाँ एक दिन में 90 हजार बुकिंग हो रही थी, वह 6 अप्रैल तक घटकर 45 हजार रह गई है।
