ऊधमसिंहनगरः जिले के बाजपुर कोतवाली परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अपने प्रेमी की चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी। जानकारी के मुताबिक, बाजपुर निवासी युवक का बरेली निवासी एक युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
दोनों के परिजनों ने इस रिश्ते को मंजूरी देते हुए शादी की बातचीत भी पूरी कर ली थी, लेकिन जैसे ही शादी की तारीख तय करने का वक्त आया, युवक अपने वादे से मुकर गया। इससे नाराज होकर जब युवती बातचीत करने कोतवाली पहुँची, तो वहाँ भी दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से से तमतमाई युवती ने आपा खो दिया और कोतवाली गेट पर ही युवक पर चप्पलों की बरसात कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल बीच-बचाव कर युवक को छुड़ाया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले की शांत जांच शुरू की।
