कृत्रिम वर्षा के लिए एयरक्राफ्ट ने कानपुर से भरी उड़ान…. दिल्ली में अगले 3 घंटे में कई इलाकों में आर्टिफिशियल रेन होने की संभावना…

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज यानी मंगलवार को दिल्ली में पहले चरण की क्लाउड सीडिंग की गई। बताया कि आज ही दूसरे चरण की क्लाउड सीडिंग भी होगी।

इससे पहले क्लाउड सीडिंग के लिए आईआईटी कानपुर के एयरक्राफ्ट सेसना ने कानपुर से टेक ऑफ किया। इसके बाद वह मेरठ पहुंचा और फिर दिल्ली में कलाउड सीडिंग कराई गई।

उन्होंने बताया कि सुबह एयरक्राफ्ट इसलिए उड़ान नहीं भर सका था क्योंकि कानपुर में दृश्यता का स्तर बहुत अच्छा नहीं था। बकौल सिरसा, सोमवार को भी क्लाउड सीडिंग की योजना बनाई गई थी लेकिन दृश्यता का स्तर अच्छा न होने से मामला टल गया था। क्लाउड सीडिंग के लिए बादल भी थोड़ा नीचे यानी अधिकतम पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर होने चाहिए, इससे ऊपर नहीं।