हल्द्वानी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन पूरे देश के साथ जनपद नैनीताल में भी शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध था। इसके बावजूद हल्द्वानी में खुलेआम शराब तस्करी का मामला सामने आया है। 
हल्द्वानी नगर के तिकोनिया क्षेत्र स्थित वाइन शॉप के आगे से शराब की अवैध तस्करी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो कि आबकारी विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक,,,,,,, 26 जनवरी को तिकोनिया क्षेत्र में वाइन शॉप बंद होने के बावजूद दुकान के आगे से शराब तस्कर रात को खुलेआम शराब की तस्करी करते नजर आए। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि प्रतिबंध के दिन भी नियमों को ताक पर रखकर शराब की आपूर्ति की जा रही थी।
लोगों का कहना है कि तिकोनिया क्षेत्र ही नहीं, बल्कि सुभाष नगर, आवास विकास और राजपुरा क्षेत्रों में भी लंबे समय से शराब की अवैध तस्करी धड़ल्ले से चल रही है। बावजूद इसके न तो आबकारी विभाग और न ही पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है।

