मध्य प्रदेश इंदौर शहर से एक परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां शिव वाटिका समृद्धि एनक्लेव में बुधवार को खून-खराबे से भरी गतिविधी सामने आई है। एक पेंटहाउस के संचालन और वहां होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चल रहा विवाद इतना बढ़ा कि पेंटहाउस मालिक के बेटे ने जानबूझकर तेज रफ्तार कार रहवासियों पर चढ़ा दी. प्राप्त जानकारी में इस दर्दनाक हादसे में IT कंपनी इन्फोसिस में कार्यरत इंजीनियर शम्पा पांडे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला रानू रावत घायल हो गई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसाइटी में एक मोबाइल ऐप के जरिए पेंटहाउस का संचालन किया जा रहा था. और वहां अक्सर विदेशी महिलाएं हिजाब पहनकर अनैतिक गतिविधियों के लिए आती थीं. स्थानीयों के विरोध के चलते पेंटहाउस की लाइट बंद कर दी गई थी, जिससे मालिक कुलदीप चौधरी नाराज था.
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे जब कुलदीप चौपस अपनी पत्नी के साथ पहुंचा, तो रहवासियों से उसकी जमकर बहस हुई. विवाद के बीच उसका 18 वर्षीय बेटा मोहनीश चौधरी भी वहां पहुंच गया. मारपीट के दौरान जब मोहनीश कार लेकर भागने लगा और रहवासियों ने गेट बंद कर दिया, तो उसने गुस्से में कार मोड़कर सीधे वहां खड़े लोगों पर चढ़ा दी. शम्पा पांडे कार के नीचे दब गई और वाहन उनके पेट के ऊपर से गुजर गया. अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह पूरी वारदात सोसायटी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कार कितनी बेरहमी से लोगों की ओर बढ़ाई गई. मृतका के पति सौरभ पांडे और अन्य चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले को हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में शामिल किया है.
लसूड़िया थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे मोहनीश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब उन सभी पहलुओं की जांच कर रही है जिसमें पेंटहाउस में विदेशी महिलाओं के आने-जाने और अनैतिक देह व्यापार जैसे आरोप लगाए गए हैं।
