बंगाल में सियासी पारा हाई: सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमला, उधर CID का समन !

खबरें शेयर करें -

पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय भारी हलचल है। टीएमसी (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी एक साथ दो बड़े घटनाक्रमों के केंद्र में आ गए हैं। एक तरफ जहां सोनारपुर में उन पर हिंसक हमला हुआ, वहीं दूसरी तरफ फर्जी सिग्नेचर मामले में राज्य की सीआईडी (CID) ने उनके खिलाफ शिकंजा कस दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर इलाके में चुनावी हिंसा में घायल हुए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंचे थे। आरोप है कि उनके वहां पहुंचते ही विरोधी दल (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया।

उग्र भीड़ ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की, उन पर अंडे फेंके और हाथापाई करते हुए उनकी शर्ट तक फाड़ दी।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सुरक्षाकर्मियों को अभिषेक बनर्जी को सुरक्षा कवच देने के लिए हेल्मेट पहनाना पड़ा, जिसके बाद उन्हें किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस हमले के बाद अभिषेक ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा:

“ये लोग मेरी जान लेना चाहते थे। मौके पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। आज हेल्मेट की वजह से मेरा सिर बच गया। लेकिन सुन लें, हम ऐसे कायरतापूर्ण हमलों से डरने वाले नहीं हैं।”

इस जमीनी टकराव के बीच अभिषेक बनर्जी की कानूनी मुश्किलें भी बढ़ती दिख रही हैं। पश्चिम बंगाल सीआईडी (CID) ने एक कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में उन्हें समन जारी किया है।

पीटीआई (PTI) के अनुसार, शनिवार को सीआईडी की एक टीम ने कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास पर जाकर खुद यह नोटिस सौंपा।

सोमवार को होगी पूछताछ: अभिषेक बनर्जी को सोमवार दोपहर 12 बजे पूछताछ के लिए सीआईडी के मुख्यालय ‘भवानी भवन’ में हाजिर होने का आदेश दिया गया है।                                                                      सड़क से लेकर जांच एजेंसियों के दफ्तरों तक, अभिषेक बनर्जी इस समय चौतरफा राजनीतिक और कानूनी लड़ाई के बीच घिर गए हैं। अब देखना यह है कि सोमवार को सीआईडी की पूछताछ में क्या मोड़ आता है।


खबरें शेयर करें -