हल्द्वानी रामपुर रोड पर एक पत्रकार को बीच सड़क रोककर बेरहमी से पीटने वाले आरोपी पूर्व सैनिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पीड़ित पत्रकार प्रेम सिंह धामी घटना की रात स्कूटी पर एक बुजुर्ग को बैठाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें बिना वजह रोका और स्कूटी की चाबी निकालने की कोशिश की। जब पत्रकार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और उनकी बाईं आंख और नाक पर कई घूंसे मारे। इतने से भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने उन्हें बेहोशी की हालत में सड़क पर घसीटा, जिससे वह बाल-बाल एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बचे।
इस हमले में पत्रकार धामी बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और वे लगातार अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। 26 अप्रैल को एक निजी अस्पताल में उनकी आंख की पहली सर्जरी हुई। राहत न मिलने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, जहां 14 मई को उनकी दूसरी जटिल ट्रामा सर्जरी की गई। दो-दो सर्जरी होने के बावजूद अभी भी उन्हें ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है।
