हल्द्वानीः एलाइड हेल्थ केयर इंटर्न छात्र-छात्राओं को ₹15 हजार मासिक मानदेय देने की मांग। Video

हल्द्वानी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के अंतर्गत इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं को मासिक मानदेय/वेतन दिए जाने की मांग को लेकर युवा नेता हेमन्त साहू एवं पार्षद प्रीति आर्या की अगुवाई में सैकड़ों छात्राओं ने उपजिलाधिकारी महोदय के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन के माध्यम से इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं को ₹15,000 प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

युवा नेता हेमन्त साहू ने कहा कि एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप के दौरान पूरी जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें बिना उचित मानदेय के कार्य कराना न्यायसंगत नहीं है।

साहू ने कहा कि छात्र-छात्राओं की मांग पूरी तरह जायज है। सरकार को उनकी आर्थिक स्थिति और उनके द्वारा किए जा रहे कार्य को ध्यान में रखते हुए कम से कम ₹15 हजार मासिक मानदेय प्रदान करने की दिशा में तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। साथ ही दूर-दराज से आने वाले इंटर्न छात्रों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्र-छात्राओं की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए उन्हें उचित मानदेय एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।