ऊधमसिंहनगर के पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर स्थित नगला डेयरी कॉलोनी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले संविदा कर्मी अंगद सिंह का 14 वर्षीय बेटा आदित्य सिंह, जो आठवीं कक्षा का छात्र था, गुरुवार को घर में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक स्टैंडिंग फैन (पेडेस्टल पंखा) उसके ऊपर गिर गया। पंखे में आ रहे करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर पहले पंतनगर विश्वविद्यालय अस्पताल पहुंचे, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुए हादसे से मासूम के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
करंट लगने से 14 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम।
