दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), हल्द्वानी में 21 अगस्त को विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने और बाल अधिकारों तथा सुरक्षित बचपन के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहकर जीवन में सकारात्मक लक्ष्य चुनने और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा नैनीताल के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप बिष्ट ने उपस्थित होकर विद्यालय और आयोग के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यशाला में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री निश्विकांत जोशी, जिला प्रोबेशन एवं बाल संरक्षण अधिकारी सुश्री पल्लवी तिवारी, समाजसेवी सुश्री योगिता बहुगुणा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही सहित शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के सामाजिक व मानसिक दुष्प्रभावों पर संदेश दिया, जिसके अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
