केरल देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि ईरान युद्ध की आड़ में किसी भी तरह के दुस्साहस न करें। केरल में ‘सैनिक सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि यदि पाकिस्तान ने मिडिल ईस्ट की उथल-पुथल का फायदा उठाकर गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की तो भारत की प्रतिक्रिया निर्णायक होगी. रक्षा मंत्रीने कहा कि ‘हमारा पड़ोसी मौजूदा हालात को देखते हुए किसी तरह की गलत हरकत कर सकता है. अगर ऐसा हुआ तो भारत की प्रतिक्रिया अभूतपूर्व और निर्णायक होगी.’
उन्होंने पाकिस्तान को याद दिलाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने सिर्फ 22 मिनट में उसे घुटनों पर ला दिया था. यह ऑपरेशन पिछले साल 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में लश्कर आतंकियों द्वारा 25 पर्यटकों की हत्या के कुछ दिनों बाद शुरू किया गया था. तीन दिन तक चले इस ऑपरेशन में भारत ने पाकिस्तान के अंदर तक 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया और कई अहम सैन्य ठिकानों पर हमला किया, जिनमें से कुछ की अब भी मरम्मत जारी है. 10 मई को पाकिस्तान द्वारा सीजफायर की मांग के बाद यह टकराव खत्म हुआ. राजनाथ सिंह ने आगे बोलते हुए कहा, ‘चाहे उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो, पुलवामा के बाद एयर स्ट्राइक हो या अब ऑपरेशन सिंदूर. हमने आतंकवाद को करारा जवाब दिया है.’
