उत्तरकाशी में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 2.4 रही तीव्रता।

खबरें शेयर करें -

उत्तरकाशी  उत्तराखंड के सीमांत जिले उत्तरकाशी में शुक्रवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए। रात करीब 10:41 बजे अचानक हुए इस कंपन से घबराकर कई परिवारों ने घरों से बाहर खुले में शरण ली। हालांकि, कम तीव्रता का होने के कारण इस प्राकृतिक घटना से किसी प्रकार की अप्रिय घटना या क्षति की खबर नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 2.4 मापी गई, जिसका केंद्र भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत आने वाले गणेशपुर का वन क्षेत्र था। भूकंप का हाइपोसेंटर (गहराई) पृथ्वी की सतह से 5 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। प्रशासन के मुताबिक, झटकों का मुख्य असर जिला मुख्यालय व उससे सटे क्षेत्रों में ही था।

घटना के तुरंत बाद जिला आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए वायरलेस व राजस्व तंत्र के माध्यम से सभी तहसीलों से फीडबैक लिया। जिला प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके साथ ही लोगों से भ्रामक खबरों से बचने और सजग रहने का आग्रह किया गया है।


खबरें शेयर करें -