ऋषिकेश भट्टोवाला रेलवे फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी में,,,,,,, शुक्रवार रात करीब 10 बजे योग नगरी रेलवे स्टेशन से हरिद्वार की ओर जा रही हावड़ा ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय कोतवाल KC भट्ट ने बताया कि शव की तलाशी के दौरान बैंक ID कार्ड प्राप्त हुआ जिससे मृतक की पहचान वीरेंद्र दत्त बेलवाल (55) निवासी अमित ग्राम गुमानीवाला, के रूप में हुई। वह उत्तराखण्ड कॉपरेटिव बैंक में सीनियर ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस को बैंक मैनेजर की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से हुई इस मौत को लेकर पुलिस दुर्घटना के साथ-साथ हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की। वहीं जांच के दौरान मृतक के घर से टेबल पर रखी शराब की बोतल, तीन गिलास और बेड पर कपड़े के तीन फंदे बरामद किए गए हैं। इन सामानों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है, जिससे मामले में नए सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और घर से मिले सुरागों के आधार पर हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
