हल्द्वानी : जब शॉपिंग के बीच बीवी बन गई ‘लेडी सिंघम’!

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी मंगलपड़ाव: कहते हैं कि घरेलू बहस को घर की चारदीवारी में ही रखना चाहिए, लेकिन सोमवार की शाम हल्द्वानी की सब्जी मंडी में जो हुआ, उसने सड़क को ही सिनेमा हॉल बना दिया! आलू-प्याज खरीदने आए एक पति-पत्नी के बीच अचानक किसी घरेलू बात पर ऐसी ‘महाभारत’ छिड़ी कि देखते ही देखते वहां मुफ्त का तमाशा शुरू हो गया।

चश्मदीदों की मानें तो बहस जब गरमा-गरम लेवल पर पहुंची, तो पत्नी ने आव देखा न ताव, पास की एक चाय की दुकान से चमचमाता हुआ फ्राईपैन (Frying Pan) उठा लिया! फिर क्या था… ‘हथियार’ हाथ में आते ही बीवी ने पतिदेव पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए।

अचानक हुए इस ‘फ्राईपैन अटैक’ से मंडी में खड़े लोग तो अपनी सब्जियां भूलकर दंग रह गए। पति ने जब देखा कि माहौल हाथ से निकल चुका है और बीवी फुल एक्शन मोड में है, तो उसने वहां से नौ दो ग्यारह होने में ही भलाई समझी। पति आगे-आगे जान बचाकर भाग रहा था और पत्नी हाथ में फ्राईपैन लहराते हुए उसके पीछे-पीछे दौड़ लगा रही थी!

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की वजह से मंडी में करीब 15 से 20 मिनट तक भयंकर अफरा-तफरी मची रही। लोग खरीदारी छोड़ इस ‘लाइव एक्शन’ का मजा लेने के लिए इकट्ठा हो गए, जिससे वहां जाम जैसी स्थिति बन गई।

फिलहाल इस ‘फ्राईपैन वॉर’ को लेकर किसी भी पक्ष (पति या पत्नी) ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लेकिन पुलिस का कहना है कि वे इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रहे हैं। अगर सार्वजनिक जगह पर शांति व्यवस्था भंग करने का मामला बनता है, तो कानूनी कार्रवाई जरूर की जाएगी।

 


खबरें शेयर करें -