धात संस्था ने मिशन अभिभावक अभियान के अंतर्गत 265 बच्चों को वितरित की लेखन सामग्री

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी  8 अगस्त 2026 ,,,, समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ कार्यरत धात संस्था (Development of Hidden And Amateur Talent – DHAAT) द्वारा मिशन अभिभावक अभियान के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, प्रेमपुर लोशज्ञानी में अध्ययनरत लगभग 265 छात्र-छात्राओं को कॉपी, पेन एवं अन्य आवश्यक लेखन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक श्री रवि कांत राजू ने धात संस्था द्वारा विगत 11 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, प्रतिभा संवर्धन एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक से मिशन अभिभावक अभियान से जुड़कर वंचित बच्चों के भविष्य निर्माण में अपना सहयोग देने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अरुणा पाठक ने धात संस्था के अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए विद्यालय को इस पुनीत अभियान के लिए चयनित करने पर संस्था के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति आर्या (क्षेत्रीय पंचायत सदस्य) तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती गंगा देवी (ग्राम प्रधान) ने धात संस्था की इस अनूठी एवं जनहितकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उपस्थित जनसमुदाय से संस्था के मिशन में सहभागी बनने और अधिक से अधिक बच्चों तक सहायता पहुँचाने का आग्रह किया।

अति विशिष्ट अतिथि श्री तारा सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अपनी सरकारी कार्य के कारण उपस्थित नहीं हो पाए परन्तु बच्चों के लिए सन्देश भेजा कि वे मन लगाकर अध्ययन करें, अनुशासन एवं संस्कारों को अपनाएँ तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों, विद्यालय और समाज का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम में संस्था के मार्गदर्शक डॉ. सुनील सिंह, ई. अनुज गुप्ता, दिनेश कुमार, निश्चय, मिथुन जायसवाल, जय प्रकाश नारायण, जागृति मंच की श्रीमती आशा वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने धात संस्था के मिशन की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

संस्था के कार्यकारी सचिव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से उन सभी दानदाताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की, जिनके निरंतर सहयोग से धात संस्था समाज सेवा के अपने अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों के अभिभावकों ने संस्था का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय-समय पर शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को लेखन सामग्री के साथ मिष्ठान का वितरण किया गया। उत्साह, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण से ओत-प्रोत इस आयोजन का समापन राष्ट्र निर्माण एवं शिक्षा सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी, व्यवसायी, वरिष्ठ विद्यार्थी, खिलाड़ी, समाजसेवी, शिक्षाविद् तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। धात संस्था का यह प्रयास समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक बच्चे तक आवश्यक शैक्षिक संसाधन पहुँचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।


खबरें शेयर करें -