नैनीताल मंगलवार को नैनीताल में कृष्णापुर क्षेत्र का कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन एवं पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं को मौके पर ही विभागीय अधिकारियों द्वारा तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कृष्णापुर क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर अवस्था में मौजूद विशाल बोल्डर को सिंचाई विभाग द्वारा जाल लगाकर रोकने का प्रयास किया गया था, परन्तु ये उपाय कारगर साबित नहीं हो सका। हाल ही में बोल्डर गिरने से एक कार एवं एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हुई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शेष अस्थिर बोल्डरों को केवल स्थिर करना पर्याप्त नहीं है, उनका पूर्ण एवं सुरक्षित निस्तारण आवश्यक है। इसके लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल मौके पर बुलाकर आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में विभाजित कर हटाने की कार्यवाही की जाएगी । इस संबंध में कुमाऊं कमिश्नर द्वारा ADM को निर्देशित किया गया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण और पैदल मार्ग की जर्जर स्थिति एवं बच्चों की सुरक्षा की बात भी स्थानीय लोगों से जानी और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जब तक बलिया नाले का स्थायी स्थिरीकरण नहीं होता, तब तक वर्तमान मार्ग पर रेलिंग लगाकर मार्ग को सुरक्षित तैयार किया जाय। क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर दीपक रावत नाराज़ दिखाई दिए। और नगर पालिका चेताते हुए हर हाल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा, साथ ही जो सफाई कार्मिक क्षेत्र में तैनात हैं और कार्य नहीं कर रहे हैं उनका उस दिन का वेतन काटने के भी निर्देश दिए। कुमाऊं आयुक्त आश्वस्त किया कि भूस्खलन व मार्ग धंसने की समस्या का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कोई भी समस्या होने पर वे उन्हें सीधे फोन पर सूचित कर सकते हैं। कुमायूं आयुक्त के निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता PS बृजवाल, ADM सौरभ असवाल, SDM नवाजिश खलिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी, पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष DN भट्ट, दीपेश भट्ट, सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा काफ़ी संख्या में क्षेत्र वासी मौजूद रहे।
नैनीताल: कृष्णापुर क्षेत्र में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने किया स्थलीय निरीक्षण, पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की समस्या का लिया संज्ञान।
