पंजाब में नशे के मुद्दे पर घिरे हरभजन सिंह का पलटवार, कहा,,,, पेड ट्रोल्स से सच नहीं छिपेगा।

खबरें शेयर करें -

पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पंजाब में नशा खोरी की समस्या पर एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज उठाई है। इस बार उनका निशाना उन लोगों पर है, जो उनके मुताबिक उठाए गए मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल, 10 अगस्त को हरभजन सिंह ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें पगड़ी पहने दो युवक नशे की हालत में दिख रहे थे। उन्होंने पंजाब में बढ़ते नशे पर चिंता जताते हुए कहा था कि जिस राज्य की पहचान तरक्की और बहादुरी से थी, वहाँ के युवा अब नशे की चपेट में आ रहे हैं। हालाँकि, पंजाब पुलिस के फैक्ट-चेक और मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि वह वीडियो पंजाब का नहीं, बल्कि राजस्थान के श्रीगंगानगर का था। वीडियो गलत साबित होने के बाद पंजाब की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया।

विवाद के बाद हरभजन सिंह ने नई पोस्ट जारी कर कहा, “क्या यह भी राजस्थान की तस्वीर है? बात पंजाब की ड्रग समस्या की है। आपके पेड ट्रोल्स से यह मुद्दा छिपाया नहीं जा सकता।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी व्यक्ति विशेष को निशाना नहीं बना रहे हैं।

उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि राजनीतिक खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर युवाओं के पुनर्वास पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिम्मेदारियों से भागने के बजाय सरकार को नशा-मुक्त पंजाब बनाने के लिए ठोस काम करना चाहिए।


खबरें शेयर करें -