रुद्रपुर की इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले एक सिडकुल कर्मचारी का शव घर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो यहाँ किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले उसकी पत्नी बच्चों समेत अपने मायके (धारचूला) गई थी। शनिवार शाम को सतनाम नशे की हालत में घर पहुँचा और परिवार के अन्य सदस्यों से झगड़ा करने लगा, जिसके बाद सभी लोग सोने चले गए। अगले दिन रविवार सुबह जब उसकी साली उसे नाश्ता देने पहुँचे, तो उसने सतनाम को फंदे से लटका पाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी भी शनिवार रात से उसे लगातार फोन कर रही थी, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह आत्मघाती कदम शनिवार देर रात को ही उठाया गया था।
रुद्रपुर: पारिवारिक विवाद के बाद सिडकुल कर्मी ने की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी।
