उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने 5 जून तक पर्वतीय इलाकों में मौसम बदले रहने का अनुमान जताया है।
आज का अलर्ट (31 मई, रविवार)
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के जिलों के लिए दो तरह के अलर्ट जारी किए हैं:
ऑरेंज अलर्ट (7 जिले): देहरादून, बागेश्वर, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़। यहाँ ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। येलो अलर्ट (6 जिले): हरिद्वार, टिहरी, उधम सिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और अल्मोड़ा। यहाँ हल्की बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
सबसे ज्यादा बारिश नैनीताल के ज्योलिकोट में 83 मिमी रिकॉर्ड की गई है। आने वाले दिनों का पूर्वानुमान (1 से 3 जून)
1 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना है। 4000 मीटर से ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। बाकी जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
2 जून: राज्य के ज्यादातर जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की उम्मीद है। मैदानी इलाकों में 2 जून तक पश्चिमी विक्षोभ(Western Disturbance) का असर रहेगा।
3 जून: पहाड़ी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश जारी रहेगी, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से सूखा (शुष्क) हो जाएगा।
