उत्तराखंड एसटीएफ, ड्रग विभाग, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘कोविल बायोटेक’ फैक्ट्री और एक गोदाम पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर चल रहे नकली दवाओं और अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। आरोपी धीरेन्द्र (निवासी बुलंदशहर, यूपी) आयुर्वेदिक व फूड लाइसेंस की आड़ में बिना किसी वैध एलोपैथिक मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के Sun Pharma, Macleods और Intas जैसी नामी कंपनियों के नाम पर नकली एलोपैथिक व जीवन रक्षक दवाइयां बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था। मौके से करीब 1 लाख नकली टैबलेट, 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें (जैसे Alkasol, Cefifine-200, Sompraz), तथा भारी मात्रा में हरियाणा से तस्करी कर लाई गई अवैध अंग्रेजी शराब (MacDowell No.1 आदि), पैकेजिंग मशीनें और उत्तराखंड आबकारी विभाग के नकली होलोग्राम बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है।
बाजपुर में नकली दवाओं और अवैध शराब के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार।
